Up Jansamvad News

Latest News in Hindi

ऊँचाई मानकों की अनदेखी से हुआ हादसा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देशट्रैक्टर चालक एवं वाहन स्वामी के विरूद्ध होगी प्राथमिकी दर्ज

1 min read



अलीगढ़ 24 जनवरी 2026 (सू0वि0): अतरौली के ग्राम दरि अलावलपुर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना के संबंध में प्रशासन एवं विद्युत विभाग द्वारा की गई जांच में स्पष्ट हुआ है कि घटना विद्युत पोल की कमी से नहीं, बल्कि मानकों से अधिक ऊँचाई पर लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के लापरवाहीपूर्ण संचालन के कारण हुई।
जांच में पाया गया कि लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का ऊँचा लोड एलटी बंच केबिल में फंस गया, इसके बावजूद चालक द्वारा वाहन न रोकते हुए केबिल को खींचा गया, जिससे पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। दुर्भाग्यवश, उसी समय वहां से गुजर रही 12 वर्षीय बालिका इसकी चपेट में आ गई, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित पोल तकनीकी मानकों के अनुरूप स्थापित था। हालांकि पोल के समीप लगाया गया बैक-स्टे हटाए जाने से उसमें हल्का झुकाव था। घटना के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध थाना दादों में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि भारी एवं ऊँचे लोड वाले वाहनों का संचालन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे वाहनों के आवागमन पर सतर्कता बढ़ाई जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
यह दुर्घटना मानकों से अधिक ऊँचाई पर लदे वाहन के लापरवाहीपूर्ण संचालन के कारण हुई। दोषी ट्रैक्टर चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भारी एवं ऊँचे लोड वाले वाहनों के संचालन पर कड़ी निगरानी के भी निर्देश दिए गए हैं।
——-
                                   सहायक निदेशक सूचना, अलीगढ़।

ROOPENDRA KUMAR
Author: ROOPENDRA KUMAR

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *