Up Jansamvad News

Latest News in Hindi

अतरौली के ग्राम टोडरपुर एवं गणेशपुर गंग में भूमि विवाद से जुड़े प्रकरण का स्वयं स्थलीय निरीक्षण किया

1 min read

*भूमि विवाद में जिलाधिकारी पहुंचे मौके पर, पैमाइश की गुणवत्ता परखी*

*किसानों से की आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील*

अलीगढ़ 03 नवम्बर 2025 (सू0वि0): जिलाधिकारी संजीव रंजन ने सोमवार को तहसील अतरौली के ग्राम टोडरपुर एवं गणेशपुर गंग में भूमि विवाद से जुड़े प्रकरण का स्वयं स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व टीम द्वारा की जा रही पैमाइश कार्यवाही की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता का बारीकी से परीक्षण किया और उपस्थित दोनों पक्षों को शांतिपूर्ण एवं आपसी सहमति से खेती-किसानी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि मापन पूर्ण निष्पक्षता एवं सभी पक्षों की उपस्थिति में किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो। उन्होंने उपजिलाधिकारी अतरौली सुमित सिंह, तहसीलदार राजेश कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार शान-ए-हैदर , राजस्व निरीक्षक अहमद अली एवं लेखपालों नरेश यादव को निर्देशित किया कि पैमाइश रिपोर्ट पारदर्शी ढंग से तैयार कर प्रस्तुत की जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि किसी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने राजस्व टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि राजस्व विवादों का त्वरित और न्यायसंगत निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि गंगा में जलस्तर बढ़ने से सीमावर्ती ग्राम गणेशपुर गंग और टोडरपुर में खेतों की सीमाएं विलुप्त हो गई थीं, जिससे किसानों को अपनी भूमि की वास्तविक पहचान नहीं रह गई थी। फसल बुवाई के समय भूमि सीमांकन स्पष्ट न होने से विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। दोनों पक्षों ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें दर्ज कराई थीं, जिस पर जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर राजस्व टीम व ब्लॉक प्रशासन के सहयोग से आपसी सहमति से समस्या का निस्तारण कराया।

इस दौरान दोनों पक्षों के किसान राहुल यादव, महेंद्र सिंह ने डीएम, एसडीएम और राजस्व टीम के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में फोटो खिंचवाकर विवाद निपटारे पर संतोष व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *