किसान आयोग का गठन करे केंद्र, नहीं तो आंदोलन : ठा.भानु प्रताप सिंह
1 min read
अलीगढ़। भारतीय किसान यूनियन भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भानु प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनवाने के लिए खुलकर समर्थन किया गया है, मगर केंद्र सरकार ने किसानों की एक भी मांग को पूरा नहीं किया है। उन्होंने मांग रखी कि केंद्र सरकार किसान आयोग का गठन करे, जिसमें किसान को अध्यक्ष एवं सदस्य बनाया जाए। मांगें पूरी न होने पर केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन होगा।
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविवार को बौनेर के एक मैरिज होम में किसान सम्मान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले 75 वर्षों की गलत नीतियों के कारण आज किसान कर्जदार बना हुआ है। ऐसे में किसानों
का संपूर्ण कर्ज माफ किया जाए। किसान की दुर्घटना में मौत होने पर एक करोड़ रुपये देने की मांग की।
सम्मेलन में युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर, जिलाध्यक्ष संजय चौहान ने अपने विचार रखे। अध्यक्षता वीरेंद्र सिंह तोमर व संचालन प्रदेश प्रवक्ता अनिल पंडित ने किया। भाकियू चढूनी गुट के मंडल अध्यक्ष धीरज कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ भाकियू भानु में आस्था जताई।
इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष युवा मोर्चा पवन समाधियां, जिलाध्यक्ष एटा पंकज ठाकुर, हाथरस राहुल ठाकुर, राम जादौन, कृष्ण कांत रावत, डॉ. जयवीर सिंह जादौन, डॉ. दिग्विजय सिंह, राजकुमार सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद
