अयोध्या में आकार लेती दिख रही त्रेतायुग जैसी कल्पना, राम के स्वागत में खड़े होंगे पीएम मोदी
1 min read
प्रभु राम के आगमन की खुशी में अयोध्या 15 लाख दीपक जलाकर रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है। रामचरित मानस में भगवान राम के अयोध्या आगमन को बयां करने वाली यह पंक्तिया…अवधपुरी प्रभु आवत जानी, भई सकल सोभा कै खानी, बहइ सुहावन त्रिबिध समीरा, भइ सरजू अति निर्मल नीरा…..पूरी तरह से चरितार्थ हो रही है।
दीपोत्सव को लेकर अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। सफाई व्यवस्था के लिए 1000 कर्मचारी दिन-रात लगे हैं। सड़कों को चमकाया जा रहा है। रंग बिरंगी झालरों से पूरा शहर जगमगाने को तैयार है।
वहीं विशेष एलईडी लाइटों से शहर की मुख्य इमारत जैसे साकेत महाविद्यालय, राजसदन, तुलसी उद्यान पार्क, राम की पैड़ी, राम कथा पार्क आदि चमक रहे है। एल शेप में रामायण प्रसंगों पर आधारित द्वार सरयू घाट की शोभा बढ़ा रहे हैं।
नयाघाट से लेकर गोंडा की सीमा तक सरयू पुल को प्रकाशमय बनाया जा रहा है। राम की पैड़ी परिसर के मंदिरों को एक रंग में रंगा गया है। दीपोत्सव पर अयोध्या कड़ी सुरक्षा में रहेगी, वीवीआईपी मूवमेंट के चलते श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं हो इसके लिए प्लान बन रहा है।
चप्पे-चप्पे पर सादी वर्दी व खुफिया पुलिस के जवान तैनात होंगे। ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से पूरे अयोध्या पर निगरानी रखी जाएगी।