Up Jansamvad News

Latest News in Hindi

जिलाधिकारी ने अतरौली क्षेत्र में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

1 min read

सीएचसी, कस्तूरबा गांधी विद्यालय, गौ संरक्षण केंद्र, नीम नदी पुनरोद्धार कार्य देखाएवं पौधा रोपण किया

अलीगढ़ 31 जुलाई 2025 (सू0वि0): जिलाधिकारी संजीव रंजन द्वारा गुरुवार को अतरौली क्षेत्र में विभिन्न विकास एवं जनसेवा से जुड़े स्थलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया गया।

डीएम ने निरीक्षण की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौली में 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय से की, जिसका निर्माण उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम द्वारा किया गया है।

मरीजों से चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में जानकारी करते हुए सीएमएम डॉ0 दुर्गेश कुमार से चिकित्सालय द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं एवं चिकित्सकों की उपस्थिति के बारे में जानकारी की। चिकित्सालय निरीक्षण के दौरान डॉ0 शहजाद अहमद आपातकालीन कक्ष में मिले, उन्होंने बताया कि अब तक 6 मरीज देखे गए हैं। जिलाधिकारी ने सीएमएस को चिकित्सालय परिसर में साफ सफाई रखने के निर्देश दिए। जनऔषधि केंद्र के पास बैठे मरीज़ों के तीमारदारों से भी बात कर हाल चाल जाना।

विकासखंड बिजौली में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय निरीक्षण को पहुंचे सड़क के किनारे कई मजदूर सफाई करते हुए मिले। कस्तूरबा गांधी विद्यालय में बीएसए राकेश कुमार सिंह समेत वार्डन स्नेहा सिंह एवं सभी 08 शिक्षिकाएं उपस्थित मिलीं। निरीक्षण के दौरान शिक्षिका पल्लवी के मार्गदर्शन में बालिकाएं ऑनलाइन माध्यम से संचालित हो रही कोडिंग की कक्षा में अध्ययन करते पाई गईं जिनसे डीएम ने पाठ्यक्रम के विषय में जानकारी प्राप्त की। परिसर साफ़ एवं स्वच्छ सीसीटीवी युक्त पाया गया। डीएम ने परिसर में बंदरों की समस्या को दृष्टिगत रखते हुए बीडीओ को फेंसिंग के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने शेखुपुर सटकना में पौधरोपण कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बीडीओ बिजौली अवधेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 1.5 हैक्टेयर में मियावाकि पद्धति से 12000 पौधे रोपित किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर हरियाली बढ़ाने की अपील की। इस दौरान वर्ष 2024-25 में मियावाकि पद्धति से स्थापित अमृत वन का भी जायजा लेकर कार्य पर संतोष प्रकट किया।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने ग्राम चंदौआ गोवर्धनपुर में गौ संरक्षण केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। गाय का माल्यार्पण कर एवं गुड़ खिलाकर गौसेवा की। सीवीओ डा0 दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि केंद्र में 30 गौवंश हैं जिनमें से 04 दूधारू हैं। गौशाला से 25 बीघा चरागाह सम्बद्ध है। उन्होंने पशुओं की देखभाल, चारा-पानी की व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की और उपस्थित कर्मियों को नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने ग्राम बनूपुरा में उन्होंने नीम नदी पुनरोद्धार कार्य का अवलोकन किया और इसे वर्षा जल संचयन एवं जल स्तर सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। ग्राम प्रधान नीरज यादव ने बताया कि उनकी ग्राम पंचायत में 5 किलोमीटर नदी क्षेत्र आता है।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, बीडीओ अतरौली वेद प्रकाश, बीडीओ बिजौली अवधेश कुमार मिश्रा एवं एडीओ पंचायत लक्ष्मी नारायण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *